पिछोर से राघवेंद्र सिंह चौहान रिपोर्ट
पिछोर, शिवपुरी।
पिछोर अंचल के कद्दावर नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री के.पी. सिंह ‘कक्काजू’ इस बार शारदीय नवरात्रि का पर्व अपने गृह ग्राम में ही मनाएंगे। उनके कार्यालय से जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार कक्काजू 11 अक्टूबर से 19 अक्टूबर 2026 तक लगातार 9 दिन अपने निज निवास ग्राम करारखेड़ा, पिछोर में मौजूद रहेंगे।
कार्यालय प्रभारी द्वारा जारी सूचना में स्पष्ट किया गया है कि इस 9 दिवसीय प्रवास के दौरान उनका कोई भी बाहरी दौरा, भ्रमण या राजनीतिक कार्यक्रम नहीं रहेगा। वे पूर्ण रूप से नवरात्रि की पूजा-अर्चना और स्थानीय लोगों से भेंट को समय देंगे।
जानकारी के अनुसार कक्काजू प्रतिदिन सुबह पूजा-अर्चना के बाद कार्यकर्ताओं, समर्थकों और आम जनता से मुलाकात करेंगे। मिलने का समय सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस दौरान पिछोर विधानसभा सहित शिवपुरी जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले लोगों की समस्याएं भी सुनेंगे।
बताया जाता है कि कक्काजू की यह परंपरा कई वर्षों पुरानी है। वे हर साल शारदीय नवरात्रि अपने पैतृक गांव करारखेड़ा स्थित निवास पर ही मनाते हैं और 9 दिन तक वहीं रहकर मां दुर्गा की आराधना करते हैं। इस दौरान उनका परिवार भी वहीं मौजूद रहता है।
इधर, सूचना जारी होने के बाद पिछोर सहित पूरे अंचल के कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। कार्यकर्ताओं ने बताया कि नवरात्रि के मौके पर कक्काजू से मिलने के लिए दूर-दराज से लोग करारखेड़ा पहुंचते हैं। 9 दिन तक करारखेड़ा में राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बना रहेगा।