लोकेशन – जनपद अमरोहा के थाना डिंडोली क्षेत्र का मामला
उत्तर प्रदेश के अमरोहा जनपद के डिडौली कोतवाली क्षेत्र के नशीरपुर गांव में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। सूखी पड़ी मध्य गंगा नहर में शनिवार को मिले शव की जांच में सामने आया कि मृतक के अपने ही परिवार ने नशे और घरेलू कलह से परेशान होकर उसकी हत्या की साजिश रची थी।
मृतक की पहचान नशीरपुर निवासी 40 वर्षीय दुष्यंत पुत्र पीतम सिंह के रूप में हुई। उसके सिर पर गहरे घाव पाए गए थे। पुलिस के अनुसार, दुष्यंत नशे का आदी था और अक्सर परिवार के साथ मारपीट करता था। आए दिन के झगड़ों को सुलझाने में परिवार की काफी जमीन भी बिक चुकी थी, जिससे परिजन मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान हो चुके थे।जांच में खुलासा हुआ कि इस साजिश में मृतक के पिता पीतम सिंह, छोटे भाई संकित और मां माया देवी शामिल थे। पिता की सहमति से छोटे भाई संकित ने अपने दोस्त जोली निवासी ढेला नंगला को हत्या के लिए 5 लाख रुपये की सुपारी दी थी। वहीं, मां माया देवी ने अपने जेवर बेचकर 55 हजार रुपये बतौर एडवांस जुटाए थे। जोली एक शातिर अपराधी बताया जा रहा है, जिसके खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं।पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात रिश्तेदारी से लौटते समय दुष्यंत पर पेचकस और ईंट से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को नहर में फेंक दिया गया, ताकि मामला हादसा प्रतीत हो। शहबाजपुर और श्यामपुर गांव के बीच नहर पुल पर खून के निशान देखकर ग्रामीणों को शक हुआ, जिसके बाद करीब 15 फीट गहराई में शव बरामद किया गया।पुलिस ने संदेह के आधार पर पिता पीतम सिंह और छोटे भाई संकित को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ में दोनों ने पूरी साजिश कबूल कर ली।मामले की जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक अमरोहा अखिलेश भदौरिया ने बताया कि युवक की हत्या पारिवारिक विवाद और नशे की लत से उत्पन्न परिस्थितियों के चलते की गई। उन्होंने कहा कि इस मामले में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस द्वारा हत्या में प्रयुक्त सामान बरामद कर लिया गया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।इस सनसनीखेज खुलासे के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस की सक्रियता से मामले का पर्दाफाश होने पर लोगों ने राहत की सांस ली है
ब्यूरो चीफ ऊदल सिंह जनपद अमरोहा