बरेली।
कस्बा फतेहगंज पश्चिमी के जर्जर थाना भवन को नगर में स्थानांतरित कर नए भव्य परिसर के निर्माण की मांग ने अब रफ्तार पकड़ ली है। इस मुद्दे को लेकर भाजपा नेता आशीष अग्रवाल ने लखनऊ स्थित पुलिस मुख्यालय पहुंचकर पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा से मुलाकात की और लंबित भूमि हस्तांतरण प्रक्रिया को जल्द पूरा कराने की मांग उठाई।
बताया जाता है कि वर्तमान थाना परिसर वर्षों पुरानी बंद पड़ी रबड़ फैक्ट्री में संचालित हो रहा है, जहां भवन काफी जर्जर हो चुका है। पुलिस कर्मियों के आवास, सुरक्षा और कार्य संचालन को लेकर लगातार दिक्कतें सामने आ रही हैं। इसी को देखते हुए नगर के बीच रोडवेज और रेलवे स्टेशन के समीप स्थित सिंचाई विभाग की भूमि पर नए आधुनिक थाना भवन और पुलिस क्वार्टर निर्माण का प्रस्ताव तैयार कराया गया था।
सूत्रों के अनुसार करीब एक वर्ष पूर्व भाजपा नेता आशीष अग्रवाल ने मुख्यमंत्री एवं जिला प्रशासन के समक्ष यह प्रस्ताव रखा था। इसके बाद तत्कालीन एसपी नॉर्थ मुकेश मिश्रा ने पूरी पत्रावली तैयार कर एसएसपी और जिलाधिकारी से स्वीकृति दिलाकर शासन को भेजा था। हालांकि सिंचाई विभाग से भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं हो सकी है, जिससे मामला लंबित पड़ा हुआ है।
लखनऊ में हुई मुलाकात के दौरान भाजपा नेता ने डीजीपी को थाने की जर्जर हालत और पुलिस कर्मियों को होने वाली परेशानियों से अवगत कराया। उन्होंने आधुनिक सुविधाओं से युक्त थाना भवन, बैरक और आवासीय क्वार्टर निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया।
बताया जा रहा है कि डीजीपी राजीव कृष्णा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार प्रक्रिया जल्द पूरी कराने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद नगर में नए थाना भवन निर्माण की उम्मीद फिर से मजबूत हो गई है।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली