नरेश सोनी ब्यूरो प्रमुख हजारीबाग।
हजारीबाग
मातृ दिवस के अवसर पर जहाँ पूरी दुनिया माँ के प्रति सम्मान व्यक्त कर रही थी, वहीं हजारीबाग के वॉलंटरी ब्लड डोनर्स एसोसिएशन ने इस दिन को सेवा के माध्यम से यादगार बनाया। रविवार, 10 मई को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर विशेष रूप से थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे जरूरतमंद व्यक्तियों के लिए आयोजित किया गया था।
रक्तदान से मानवता का परिचय
शिविर का शुभारंभ एसोसिएशन के नियमित रक्तदाता निलेश जैन ने स्वयं रक्तदान कर किया। उनके इस उत्साह को देख युवाओं की टोली उमड़ पड़ी। रक्तदान करने वालों में दीपक यादव, युवराज दास, आदित्य कुमार, अभिषेक मेहता, आर्यन कुमार, ए. आनंद, मोहम्मद आमिर, श्याम सुंदर प्रजापति, गौतम कुमार, शैलेश दुबे, संजीत गुप्ता, कैलाश प्रसाद, महेश राणा, अमन कुमार, मोहम्मद समीर, संजय साहू, उमानाथ, आनंद चक्रम, विनय यादव, रामदास मुंडा और प्रतीक गोप सहित दर्जनों रक्तदाता शामिल थे।
“माँ जैसा निस्वार्थ प्रेम कोई नहीं कर सकता”
एसोसिएशन के अध्यक्ष और ‘ब्लड मैन’ के नाम से विख्यात निमल जैन ने सभी रक्तदाताओं को सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने एक मर्मस्पर्शी संदेश देते हुए कहा, “माँ दुनिया में निस्वार्थ प्रेम की सबसे बड़ी मिसाल है। वह स्वयं अस्वस्थ होने के बावजूद अपने बच्चों के लिए सर्वस्व न्योछावर करने को तैयार रहती है।”
उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि हमें केवल एक दिन नहीं बल्कि साल के 365 दिन माँ का सम्मान करना चाहिए। जैन ने इस बात पर दुख जताया कि कई बार लोग अपनी माँ के लिए भी रक्तदान करने से हिचकिचाते हैं, जबकि माँ अपनी अंतिम सांस तक संतान की सुरक्षा चाहती है।
सराहनीय रहा मेडिकल टीम का सहयोग
शिविर को सफल बनाने में एसोसिएशन के महासचिव विनीत छाबड़ा, कोषाध्यक्ष विनीत अग्रवाल और कार्यकारिणी सदस्य निलेश छाबड़ा की सक्रिय भूमिका रही। साथ ही मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों, तकनीशियनों और कर्मचारियों ने पूरी तत्परता के साथ सहयोग किया।