सहारनपुर नगर निगम में
सहारनपुर। शहर के नाले-नालों और सड़कों की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए नगर निगम महानगर के 58 वार्डो में समग्र सफाई व्यवस्था लागू करेगा। 58 वार्डो में सफाई के लिए करीब दो हजार नये पद भी सृजित होंगे। नयी व्यवस्था में सफाई कर्मियों एवं टीम लीडर्स के रुप में बड़ी संख्या में न केवल सफाई मित्रों को रोजगार मिलेगा, बल्कि हर रोज शहर की सड़कों व नाले-नालियों की सफाई, समय से कूड़ा उठान और उसका निस्तारण, शौचालयो की सफाई, सॉलिड वेस्ट का कलेक्शन और उसका पृथक्करण आदि कार्य एक सुनिश्चित व्यवस्था के साथ कराये जायेंगे।
58 वार्डो की समग्र सफाई व्यवस्था पर सफाई मित्रों के नेता सोनी आजाद व राहुल बाल्मीकि ने अपनी-अपनी यूनियन के पदाधिकारियों के साथ आज नगर स्वास्थय अधिकारी डॉ.प्रवीन शाह से निगम में मुलाकात की और कुछ बिंदुओं पर अपनी शंकाएं व्यक्त की। इस पर नगर स्वास्थय अधिकारी ने उक्त नेताओं को बताया कि नयी व्यवस्था में बड़ी तादाद में लोगों के रोजगार का रास्ता खुलेगा।
अभी तक सभी 70 वार्डो की सफाई व्यवस्था नगर निगम कर रहा था। जिसमें 259 स्थायी, 156 संविदा तथा 1434 आउट सोर्सिंग पर यानि कुल 1849 सफाई मित्र कार्य कर रहे थे। नयी व्यवस्था में नगर निगम जिन 12 वार्डो की सफाई व्यवस्था स्वयं करायेगा उनमें 259 स्थायी तथा 156 संविदाकर्मी कार्य करेंगे। जबकि समग्र सफाई व्यवस्था के तहत 58 वार्डो में 3235 आउट सोर्सिंग सफाई कर्मी तथा 162 टीम लीडर्स काम करेंगे। इन 58 वार्डो में 50 प्रतिशत गलियां घनी आबादी युक्त, 30 प्रतिशत गलियां मध्यम आबादी युक्त और 20 प्रतिशत गलियां विरल आबादी के लिए सीपीएचईईओ ( केंद्रीय सार्वजनिक स्वास्थय और पर्यावरण इंजीनियरिंग संगठन) के मानकों के अनुरुप रहेंगी।
नगर स्वास्थय अधिकारी ने बताया कि आउट सोर्सिंग कर्मियों को निगम द्वारा वर्तमान में प्रतिदिन 422.85 तथा ईएसआई व ईपीएफ दिया जा रहा है। समग्र सफाई व्यवस्था के तहत भी प्रतिदिन 422.85 तथा ईएसआई व ईपीएफ ( नियमानुसार) प्रत्येक माह समय से कर्मचारियों के बैंक खाते में भेजना अनिवार्य किया गया है। उन्होंने उक्त यूनियन नेताओं को बताया कि नयी व्यवस्था में 58 वार्डो के अंतर्गत प्रत्येक वार्ड में एक सफाई नायक/कार्यवाहक सफाई नायक को तैनात किया जायेगा और पूर्व की तरह उनके द्वारा सफाई व्यवस्था की मॉनिटरिंग व वेरिफिकेशन, जन्म-मृत्यु का स्थलीय सत्यापन, सभी राष्ट्रीय कार्यक्रम सम्बंधी दायित्व रहेंगे। उन्होंने बताया कि सफाई नायकों/कार्यवाहक सफाई नायकों के दायित्व में किसी तरह का कोई बदलाव नहीं किया गया है।
डॉ. प्रवीन शाह ने कहा कि सफाई मित्रों की संख्या कम होने के कारण शहर के अनेक हिस्सों में जो सफाई कार्य पूरी तरह नहीं हो पा रहा था, वह अब सुनिश्चित और ठीक प्रकार किया जा सकेगा, इससे शहर के लोगों को भी काफी राहत मिलेगी।
रमेश सैनी आशीष सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़