शहजाद आलम, जिला संवाददाता
सिद्धार्थनगर।
जिले के इटवा थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला घरेलू विवाद से परेशान होकर पानी की टंकी पर चढ़ गई। मामला इटवा थाना क्षेत्र के जिगना चौकी अंतर्गत सोननगर गांव का है, जहां महिला के इस कदम से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। काफी देर तक चले समझाने-बुझाने के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
बताया जा रहा है कि महिला की शादी करीब 12 वर्ष पूर्व बलरामपुर जिले के सकारपार गांव में हुई थी। उसके दो बच्चे भी हैं। महिला का आरोप है कि उसका पति उसे छोड़कर दूसरी महिला के साथ रहने लगा है, जिससे वह लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान थी। पारिवारिक विवाद और उपेक्षा से आहत होकर उसने यह बड़ा कदम उठा लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला अचानक गांव के पास स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गई। टंकी पर महिला को देख ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना इटवा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही इटवा थाना पुलिस, जिगना चौकी पुलिस, नायब तहसीलदार सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और महिला को नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया।
करीब कई घंटों तक अधिकारियों और ग्रामीणों ने महिला को समझाने का प्रयास किया। महिला बार-बार अपने पति की बेवफाई और पारिवारिक प्रताड़ना की बात कहती रही। अधिकारियों ने उसे हर संभव मदद और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। काफी मशक्कत के बाद महिला प्रशासन की बात मान गई और उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
घटना के बाद महिला को पुलिस की निगरानी में सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया, जहां उससे पूछताछ की गई। प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और महिला की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। ग्रामीणों का कहना है कि पारिवारिक विवादों के कारण इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिन्हें समय रहते सुलझाने की जरूरत है।