राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन बचत और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के संदेश का असर अब जनप्रतिनिधियों में भी दिखाई देने लगा है। कटनी जिले के बड़वारा विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने पेट्रोल-डीजल की बचत और आम जनता को जागरूक करने के उद्देश्य से पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग कर एक सकारात्मक संदेश दिया है।
विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह शुक्रवार को बड़वारा से कटनी तक आम यात्रियों के साथ बस में सफर करते नजर आए। विधायक को बस में सफर करते देख यात्रियों में उत्सुकता रही और पूरे जिले में इसकी चर्चा होती रही।
इस दौरान विधायक ने कहा कि वैश्विक संकट के इस चुनौतीपूर्ण समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने की अपील की है। इसी आह्वान से प्रेरित होकर उन्होंने कटनी मुख्यालय जाने के लिए सार्वजनिक परिवहन का उपयोग किया।
विधायक ने लोगों से भी आवश्यकता पड़ने पर पब्लिक ट्रांसपोर्ट का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की। उनका कहना है कि इससे न केवल ईंधन की बचत होगी बल्कि पर्यावरण संरक्षण और यातायात व्यवस्था में भी सुधार होगा।
बड़वारा विधायक की इस सादगीपूर्ण पहल को लोग जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी और जनता से जुड़ाव का उदाहरण मान रहे हैं।