सहारनपुर
पर्यावरण संरक्षण एवं ईंधन बचत को लेकर देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान को आत्मसात करते हुए नकुड़ विधायक मुकेश चौधरी ने एक प्रेरणादायक पहल की। विधायक मुकेश चौधरी सहारनपुर रेलवे स्टेशन से अपने आवास तक रिक्शे से पहुंचे और आमजन को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और वैश्विक जलवायु संकट को देखते हुए प्रत्येक नागरिक का यह दायित्व बनता है कि वह ईंधन की बचत और पर्यावरण संरक्षण के लिए छोटे-छोटे प्रयास करे। उन्होंने कहा कि यदि हम सभी अनावश्यक रूप से वाहनों का प्रयोग कम करें, सार्वजनिक परिवहन एवं रिक्शा जैसे साधनों को अपनाएं, तो यह प्रकृति को बचाने की दिशा में एक बड़ी क्रांति साबित हो सकती है।
विधायक मुकेश चौधरी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण देने के लिए आज से ही जागरूक होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक कर्तव्य है।
उनकी इस पहल की स्थानीय लोगों एवं समर्थकों द्वारा सराहना की जा रही है। लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों के ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य करते हैं।
रमेश सैनी आशीष सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़