राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
माननीय हाईकोर्ट मध्यप्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में नगर परिषद विजयराघवगढ़ द्वारा नगर क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई। शनिवार को प्रशासन और नगर परिषद की संयुक्त टीम ने नगर के विभिन्न हिस्सों में पहुंचकर सड़क और सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अतिक्रमण हटाए। कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अमले ने स्पष्ट किया कि नगर को व्यवस्थित, सुरक्षित और यातायात सुगम बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान एसडीएम विवेक गुप्ता, तहसीलदार मनीष शुक्ला, एसडीओपी वीरेंद्र धर्वे, थाना प्रभारी रितेश शर्मा सहित प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग का अमला मौके पर मौजूद रहा। वहीं मुख्य नगर पालिका अधिकारी मनीष परते ने स्वयं स्थल पर पहुंचकर संपूर्ण अभियान की निगरानी की और अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती राजेश्वरी हरीश दुबे एवं उपाध्यक्ष हरिओम बर्मन भी उपस्थित रहे। उन्होंने नगर को अतिक्रमण मुक्त और सुव्यवस्थित बनाने के लिए परिषद एवं प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। प्रशासन और परिषद के समन्वय से पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण एवं विधिसम्मत तरीके से संपन्न कराई गई।
नगर परिषद विजयराघवगढ़ ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थलों, मार्गों एवं शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण न करें तथा नगर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।