शहजाद आलम जिला संवाददाता
सिद्धार्थनगर।
विकास खंड लोटन क्षेत्र के कस्बा लोटन में सोमवार को “न्यू सेवा डायग्नोस्टिक सेंटर” का विधिवत उद्घाटन सांसद प्रतिनिधि रिंकू पाल द्वारा फीता काटकर किया गया। सेंटर के शुभारंभ से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल देखा गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद प्रतिनिधि रिंकू पाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आज भी गांवों में रहने वाले लोगों को छोटी-बड़ी जांचों के लिए जिला मुख्यालय या दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती है। ऐसे में न्यू सेवा डायग्नोस्टिक सेंटर का खुलना क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगा।
उन्होंने कहा कि इस सेंटर के माध्यम से स्थानीय मरीजों को बेहतर एवं आधुनिक जांच सुविधाएं अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध हो सकेंगी। इससे मरीजों को दूर-दराज अस्पतालों और निजी लैबों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्होंने सेंटर संचालकों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि यहां मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और सस्ती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों ने भी सेंटर के उद्घाटन को क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया। लोगों का कहना था कि लोटन और आसपास के ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य जांच सुविधाओं की कमी लंबे समय से महसूस की जा रही थी, जिसे अब काफी हद तक दूर किया जा सकेगा।
इस अवसर पर मनोज सिंह उर्फ टिंकू सिंह, अजय सिंह, आशिफ, अमित चौबे, प्रदीप मोदनवाल, संदीप जायसवाल, राहुल सिंह, सुनील जायसवाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने सेंटर के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे जनसेवा की दिशा में सराहनीय पहल बताया।