शहजाद आलम जिला संवाददाता
सिद्धार्थनगर।
विकास खंड लोटन स्थित बीआरसी परिसर में सोमवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, ब्लॉक इकाई लोटन के तत्वावधान में नवागत खण्ड शिक्षा अधिकारी ओम प्रकाश मिश्र के स्वागत एवं पूर्व खण्ड शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार शुक्ल के स्थानांतरण पर विदाई समारोह का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षिकाएं, शिक्षामित्र, अनुदेशक तथा बीआरसी कर्मी मौजूद रहे।
समारोह के दौरान शिक्षकों ने पूर्व बीईओ संतोष कुमार शुक्ल के कार्यकाल को याद करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी। वक्ताओं ने कहा कि उनके कार्यकाल में शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिली और शिक्षकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित हुआ। कार्यक्रम में नवागत बीईओ ओम प्रकाश मिश्र का पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया तथा उनके सफल कार्यकाल की कामना की गई।
ब्लॉक अध्यक्ष सतेन्द्र कुमार मिश्र ने कहा कि संतोष कुमार शुक्ल का कार्यकाल लोटन ब्लॉक के लिए स्वर्णिम एवं अभूतपूर्व रहा। उन्होंने कहा कि श्री शुक्ल ने सदैव शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और सकारात्मक समाधान का प्रयास किया। उनका मानवीय दृष्टिकोण और कुशल नेतृत्व लंबे समय तक याद रखा जाएगा। उन्होंने नवागत खण्ड शिक्षा अधिकारी ओम प्रकाश मिश्र का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में शिक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लॉक मंत्री रामशंकर पाण्डेय ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में शिक्षक और प्रशासन की संयुक्त भूमिका महत्वपूर्ण होती है। वहीं कोषाध्यक्ष महेश प्रसाद ने कहा कि शिक्षक समाज सदैव शिक्षा के विकास और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए प्रतिबद्ध रहा है।
नवागत बीईओ ओम प्रकाश मिश्र ने अपने संबोधन में कहा कि प्राथमिक शिक्षा को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने शिक्षकों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।
पूर्व बीईओ संतोष कुमार शुक्ल ने समारोह में मिले सम्मान के लिए सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लोटन ब्लॉक में बिताया गया समय हमेशा उनके लिए यादगार रहेगा।
कार्यक्रम का संचालन विकास चन्द्र मिश्र ने किया। इस अवसर पर महेंद्र पाण्डेय, द्विजेंद्र नाथ पाण्डेय, अजीजुर रहमान, रविंद्र मणि, सूरज मिश्रा, अभय त्रिपाठी, राहुल सिंह, अभिजीत सिंह, कुंवर परवेज, ब्रिज सेन, रामनिवास यादव, अर्चना दीक्षित, स्वभाती सिंह, वैभव श्रीवास्तव, जयकेस सिंह, हिमांशु राय, विजय सिंह, अनिल कुमार, सत्येंद्र वर्मा, रविशंकर मिश्रा, बाबूराम चौरसिया, दीपक गौड़, बनेसर प्रसाद, मोहम्मद जिलानी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षिकाएं, शिक्षामित्र, अनुदेशक एवं बीआरसी स्टाफ उपस्थित रहे।