शहजाद आलम जिला संवाददाता
सिद्धार्थनगर।
तहसील नौगढ़ के ग्राम डुमरिया तप्पा थरौली में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने मंगलवार को स्थलीय निरीक्षण कर ग्रामीणों की समस्याओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान आईजीआरएस संख्या-20018426003131 एवं ग्रामीण शिवप्रकाश द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के संबंध में गाटा संख्या 132/0.0880 हेक्टेयर स्थित चकमार्ग की पैमाइश कर मार्ग को चिन्हित कराया गया।
जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद राजस्व विभाग की टीम से चकमार्ग की स्थिति की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि लंबे समय से मार्ग स्पष्ट न होने के कारण ग्रामीणों को खेतों तक आने-जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। इस पर जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत सचिव को निर्देशित किया कि 19 मई 2026 से चकमार्ग पर मिट्टी पटान का कार्य तत्काल शुरू कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिल सके।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने चकमार्ग के उत्तर दिशा में स्थित नहर का भी निरीक्षण किया। ग्रामीणों द्वारा नहर पर पुलिया निर्माण की मांग किए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि पुलिया निर्माण होने से किसानों और ग्रामीणों को खेतों तक पहुंचने में आसानी होगी तथा आवागमन सुगम बनेगा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व संबंधी मामलों का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा ग्रामीणों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप गांव स्तर पर विकास कार्यों में तेजी लाई जाए और जनहित से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
इस अवसर पर नायब तहसीलदार सदर, राजस्व निरीक्षक, राजस्व विभाग की टीम सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।