शहजाद आलम जिला संवाददाता
सिद्धार्थनगर।
सिद्धार्थनगर में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड और निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने अधिकारियों को विकास योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कई महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, पीएम कुसुम योजना, छात्रवृत्ति, पेंशन और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान सीडीओ ने खराब ट्रांसफार्मरों को तय समय में बदलने, शेड्यूल के अनुसार बिजली आपूर्ति करने और स्कूलों के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार हटाने के निर्देश दिए।
पीएम सूर्य घर योजना और जीरो पॉवर्टी योजना की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप तेजी से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वयं सहायता समूहों को रिवॉल्विंग फंड उपलब्ध कराने और छात्रवृत्ति योजनाओं को समय से पूरा कराने को कहा।
जल जीवन मिशन के तहत ओवरहेड टैंक निर्माण, पाइपलाइन और जलापूर्ति कार्यों की समीक्षा करते हुए सीडीओ ने कहा कि जिन गांवों में कार्य पूर्ण हो चुका है वहां जल्द जलापूर्ति शुरू कराई जाए। साथ ही सड़क खोदाई के बाद मरम्मत कार्य भी समय से कराने के निर्देश दिए।
बैठक में लोक निर्माण विभाग, मनरेगा, ग्रामीण आजीविका मिशन, कृषि, पशुपालन, मत्स्य, समाज कल्याण और महिला एवं बाल विकास समेत कई विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को सीएम डैशबोर्ड पर समय से फीडिंग कर जनपद की रैंकिंग बेहतर करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में जिला विकास अधिकारी राजमणि वर्मा, डीसी मनरेगा संदीप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।