मीरगंज/लखनऊ।
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा पशु चिकित्सा के छात्रों का इंटर्नशिप भत्ता 4 हजार रुपये से बढ़ाकर 12 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने के फैसले का मीरगंज विधायक डॉ. डीसी वर्मा ने स्वागत किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए इसे छात्रों और पशुपालन क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक निर्णय बताया।
डॉ. डीसी वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार शिक्षा, युवाओं और पशुपालन क्षेत्र को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण फैसले ले रही है। पशु चिकित्सा के छात्र दिन-रात मेहनत कर पशुओं के उपचार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में योगदान देते हैं। ऐसे में इंटर्नशिप भत्ते में बढ़ोतरी से छात्रों का मनोबल बढ़ेगा और उन्हें आर्थिक संबल मिलेगा।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा पशुधन वाला राज्य है और यहां पशुपालन किसानों की आय बढ़ाने का मजबूत आधार बन रहा है। प्रशिक्षित पशु चिकित्सकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। सरकार का यह निर्णय भविष्य में पशु चिकित्सा सेवाओं को और बेहतर बनाने में मददगार साबित होगा।
मीरगंज विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं, किसानों और छात्रों के हित में लगातार जनकल्याणकारी फैसले ले रही है। इस फैसले से प्रदेश के करीब 300 पशु चिकित्सा छात्रों को सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पशुपालन विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में बड़ा कदम है।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़
जिला संवाददाता बरेली