फतेहगंज पश्चिमी।
क्षेत्र के एक गांव में युवती को भरोसे में लेकर उसकी आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्डिंग करने और बाद में उसे वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव के ही एक युवक से उसकी फोन पर बातचीत होती थी। इसी दौरान आरोपी ने वीडियो कॉल के समय नहाते हुए उसकी स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर अश्लील वीडियो तैयार कर ली। आरोप है कि कुछ समय बाद जब युवती ने युवक से बातचीत बंद कर दी, तब उसने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर धन उगाही शुरू कर दी।
पीड़िता के अनुसार बदनामी और वैवाहिक संबंध टूटने के डर से उसने आरोपी को एक बार 10 हजार रुपये भी दिए, लेकिन इसके बाद भी युवक लगातार ब्लैकमेल कर और रकम मांगने लगा। मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर युवती ने रविवार को थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तहरीर दे दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सोमवार को आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोप सही पाए जाने पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को जेल भेजा जाएगा।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़
जिला संवाददाता बरेली