फतेहगंज पश्चिमी।
जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन माफिया की कमर तोड़ने वाला कदम उठाया। बरेली से मीरगंज जा रहीं एसडीएम निधि शुक्ला ने नेशनल हाईवे पर रेत से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली को देखकर तत्काल कार्रवाई की और खुद अपनी सरकारी गाड़ी आगे लगवाकर ट्रैक्टर रुकवा दिया। अचानक हुई कार्रवाई से खनन माफिया में हड़कंप मच गया और चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह गांव ठिरिया के पास हाईवे पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली संदिग्ध तरीके से रेत भरकर दौड़ रही थी। एसडीएम निधि शुक्ला को ट्रैक्टर की गतिविधि संदिग्ध लगी तो उन्होंने तुरंत अपने चालक को वाहन आगे लगाकर ट्रैक्टर रोकने के निर्देश दिए। प्रशासनिक सख्ती देखते ही चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकला।
इसके बाद एसडीएम ने थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह को फोन कर पुलिस बल मौके पर बुलाया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया और एसडीएम के निर्देश पर सीज कर दिया।
सूत्रों के अनुसार कार्रवाई के बाद खनन माफिया ट्रैक्टर छुड़ाने के लिए “भट्टे की परमिशन” का हवाला देता रहा और इधर-उधर पैरवी भी लगाई गई, लेकिन प्रशासनिक सख्ती के आगे उसकी एक नहीं चली।
क्षेत्र में लंबे समय से रात-दिन हाईवे और ग्रामीण मार्गों पर अवैध खनन के वाहन दौड़ने की शिकायतें मिल रही थीं। सोमवार की कार्रवाई के बाद खनन कारोबारियों में खलबली मच गई है। लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह लगातार कार्रवाई होती रही तो अवैध खनन पर बड़ी रोक लग सकती है।
थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि एसडीएम के निर्देश पर रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर खनन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। मामले की जांच जारी है।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़
जिला संवाददाता बरेली