राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
शहर में ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमराती नजर आई, जब बरगवां से लेकर बस स्टैंड तक लंबा जाम लग गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लगने से हजारों लोग घंटों तक जाम में फंसे रहे। भीषण गर्मी में लोग परेशान होते नजर आए, वहीं स्कूली बच्चे, मरीज और आम नागरिकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सड़क पर भारी वाहनों की आवाजाही, अव्यवस्थित पार्किंग और ट्रैफिक पुलिस की अनुपस्थिति के चलते स्थिति लगातार बिगड़ती गई। देखते ही देखते बरगवां, मिशन चौक, घंटाघर और बस स्टैंड क्षेत्र पूरी तरह जाम की चपेट में आ गए।
जाम में फंसे लोगों का कहना है कि शहर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक के बावजूद व्यवस्था सुधारने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। कई जगहों पर वाहन चालक गलत दिशा से निकलते दिखाई दिए, जिससे हालात और बिगड़ गए।
सबसे ज्यादा परेशानी हुई कई मरीज समय पर अस्पताल नहीं पहुंच सके, घंटों वाहन में बैठे रहे।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं, प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए और अवैध पार्किंग पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिल सके।