राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
जिले में विकास कार्यों में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ अब प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर आशीष तिवारी ने जल जीवन मिशन की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त करने वाले बीएसएनएल के ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। मामला विकासखंड बहोरीबंद के ग्राम बरतरा-बरतरी का है, जहां खुदाई के दौरान पाइपलाइन को नुकसान पहुंचाया गया था।
बैठक में लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत समय-सीमा में सीमांकन प्रकरणों का निराकरण नहीं होने पर भी कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने नायब तहसीलदार सिंगौड़ी एवं देवराकला राजेन्द्र श्रीवास्तव और नायब तहसीलदार देवराकला अवंतिका तिवारी पर जुर्माना अधिरोपित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर तथा अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा भी उपस्थित रहे।
विभागीय योजनाओं की हुई समीक्षा
समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने गेहूं उपार्जन, समग्र ई-केवाईसी, जलगंगा संवर्धन अभियान और संबल पंजीयन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश देते हुए प्रभारी मंत्री के पत्रानुसार समितियों के गठन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने को कहा।
सीएम हेल्पलाइन मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश
कलेक्टर आशीष तिवारी ने सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने जल संसाधन, हॉर्टीकल्चर, पीडब्ल्यूडी, स्कूल शिक्षा, वन, कृषि, अनुसूचित जाति, साइंस एंड टेक्नोलॉजी, नगरीय निकाय, श्रम, सहकारिता, वाणिज्यिक कर, वित्त, स्वास्थ्य, जनजातीय कार्य, परिवहन, गृह, सामाजिक न्याय और खनिज विभागों की लंबित शिकायतों पर विशेष ध्यान देने को कहा।
इसके साथ ही राजस्व विभाग की तहसीलवार शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित मामलों का जल्द निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।