राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
नगर पालिक निगम कटनी ने शहर के हजारों जलकर उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए महत्वपूर्ण फैसला लागू किया है। अब जून 2026 तक यदि कोई उपभोक्ता वित्तीय वर्ष 2026-27 का 12 माह का जलकर अग्रिम और एकमुश्त जमा करता है, तो उसे एक माह की जलकर राशि में छूट दी जाएगी।
नगर निगम परिषद के सामान्य सम्मेलन में पारित प्रस्ताव के बाद निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। निगम प्रशासन का कहना है कि इस निर्णय का उद्देश्य नागरिकों को आर्थिक राहत देने के साथ-साथ समय पर राजस्व वसूली को बढ़ावा देना है।
जारी आदेश के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 से जलकर वसूली में चालू माह के मूलधन पर 5 प्रतिशत साधारण ब्याज की गणना की जाएगी। वहीं जो उपभोक्ता अग्रिम भुगतान करेंगे, उन्हें एक माह के जलकर की छूट का सीधा लाभ मिलेगा।
नगर निगम प्रशासन के मुताबिक लंबे समय से नागरिकों द्वारा जलकर में राहत की मांग की जा रही थी। इसके बाद अन्य नगर निगमों की व्यवस्थाओं का अध्ययन कर प्रस्ताव तैयार किया गया, जिसे मेयर इन काउंसिल की अनुशंसा के बाद निगम परिषद में स्वीकृति मिली। परिषद की मंजूरी के तुरंत बाद निगमायुक्त द्वारा आदेश जारी कर योजना लागू कर दी गई।
इस फैसले से शहर के हजारों जलकर उपभोक्ताओं को लाभ मिलने की उम्मीद है। साथ ही निगम की लंबित जलकर वसूली में भी तेजी आने की संभावना जताई जा रही है।
नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाते हुए समय पर जलकर जमा करें।