राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
आगामी मानसून को देखते हुए नगर पालिक निगम कटनी ने अतिक्रमण के खिलाफ एक और बड़ी कार्यवाही करते हुए बरगवां क्षेत्र में सार्वजनिक नाले पर किए गए अवैध कब्जे को हटाया। निगम प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था को पुनः सुचारू कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार बरगवां स्थित इंडियन कॉफी हाउस के पहले सार्वजनिक नाले के ऊपर लगभग 15 बाई 10 फीट क्षेत्र में अनधिकृत अतिक्रमण किया गया था, जिससे नाले का जल प्रवाह बाधित हो रहा था। बुधवार को निगम अमले ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की और बंद पड़ी जल निकासी व्यवस्था को बहाल कराया।
निगम प्रशासन का कहना है कि मानसून के दौरान जलभराव और गंदगी की समस्या से बचाव के लिए शहरभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत नाला-नालियों की सफाई, सिल्ट हटाने और अवैध अतिक्रमणों को हटाने का कार्य लगातार जारी है।
अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिंह ने बताया कि शहर के कई स्थानों पर नालों और नालियों पर किए गए कब्जों के कारण पानी की निकासी प्रभावित हो रही है, जिससे बारिश के समय नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए निगम द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है।
निगम प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि सार्वजनिक नालों और जल निकासी मार्गों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें तथा स्वच्छ और व्यवस्थित शहर निर्माण में सहयोग दें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जल निकासी व्यवस्था में बाधा बनने वाले अतिक्रमणों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।