- खैरगढ़, फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश में चलाए जा रहे साइबर जागरूकता अभियान के तहत थाना खैरगढ़ पुलिस टीम ने एएस मॉडल पब्लिक स्कूल, ककरारा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में साइबर एक्सपर्ट रक्षित टंडन ने छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन ठगी, साइबर अपराध और सुरक्षित इंटरनेट इस्तेमाल करने के महत्वपूर्ण तरीके बताए।
कार्यक्रम के दौरान रक्षित टंडन ने विद्यार्थियों को फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया के दुरुपयोग और डिजिटल धोखाधड़ी के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी तरह-तरह के प्रलोभन देकर लोगों की निजी और बैंक संबंधी जानकारी हासिल करने का प्रयास करते हैं। ऐसे में किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड या बैंक खाते की जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने, मजबूत पासवर्ड रखने और ऑनलाइन अनजान लोगों पर आंख मूंदकर भरोसा नहीं करने की सलाह दी। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें कॉल
कार्यक्रम में बताया गया कि ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार होने पर पीड़ित को बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करना चाहिए। इसके साथ ही आधिकारिक वेबसाइट cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। समय रहते शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने की संभावना बढ़ सकती है।
थाना खैरगढ़ पुलिस टीम ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे साइबर सुरक्षा के नियमों का पालन करें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी ऑनलाइन ठगी के प्रति जागरूक करें। अभियान का उद्देश्य लोगों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क करना और डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित करना है।
