राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
शहरवासियों के लिए विकसित की जा रही बहुप्रतीक्षित चौपाटी को लेकर नगर निगम प्रशासन ने निर्माण कार्य में तेजी लाने की कवायद शुरू कर दी है। बुधवार को महापौर प्रीति संजीव सूरी ने एमआईसी सदस्यों और निगम अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन चौपाटी स्थल का निरीक्षण कर विकास कार्यों की प्रगति और व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति और स्थल की व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि चौपाटी निर्माण पूर्ण होने के बाद यह क्षेत्र शहरवासियों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
महापौर ने अधिकारियों को निर्माण कार्य में और तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि नागरिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य के दौरान यातायात एवं आसपास की व्यवस्थाएं भी सुचारू रूप से बनाए रखना आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने चौपाटी परिसर में स्थित पुराने कुएं का भी निरीक्षण किया। कुएं में पानी नहीं होने की स्थिति को देखते हुए उन्होंने उसकी साफ-सफाई कराकर उसे वाटर हार्वेस्टिंग संरचना के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी जरूरत है और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जाना चाहिए।
महापौर प्रीति सूरी ने चौपाटी क्षेत्र में व्यवसाय करने वाले फूल-माला विक्रेताओं से भी चर्चा की। उन्होंने दुकानदारों से निर्माण कार्य के दौरान सहयोग करने और दुकानों को व्यवस्थित रूप से स्थानांतरित करने की अपील की। साथ ही भरोसा दिलाया कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्र को पहले से अधिक व्यवस्थित और बेहतर स्वरूप में विकसित किया जाएगा।
इस दौरान एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, जयनारायण निषाद, सुरेंद्र गुप्ता, उमेंद्र अहिरवार सहित नगर निगम के अधिकारी एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।