आग, सामान जलकर खाक
मुंगेली नाका के स्विमिंग पूल कैंपस में आगजनी
बिलासपुर। मुंगेली नाका स्थित स्विमिंग पूल कैंपस में संचालित अरोमा जूस सेंटर में सोमवार शाम अचानक आग लग गई। आग से जूस मशीन, डीप फ्रीजर, फर्नीचर समेत दुकान में रखा पूरा सामान जल गया।
बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के कारण जूस सेंटर में यह तीसरी आगजनी की घटना है। आग लगने के दौरान लपटें तेज होने से आसपास के लोगों में भी हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और मशक्कत के बाद आग बुझाई। हालांकि तब तक दुकान का सामान पूरी तरह जल चुका था।
मौके पर मौजूद कुछ लोगों का कहना है कि जूस सेंटर में हेवी उपकरणों का इस्तेमाल होता है, जिसके चलते शॉर्ट सर्किट की घटनाएं बार-बार हो रही हैं।
दो शटर की अनुमति, आधे पार्क पर कब्जा
स्विमिंग पूल परिसर के जिस हिस्से में पहले पार्क था, वहां जूस सेंटर संचालित हो रहा है। आरोप है कि दुकान संचालक ने निगम से दो शटर की अनुमति ली थी, लेकिन इसके बाद दुकान का विस्तार कर पार्क के बड़े हिस्से पर कब्जा कर लिया। यहां जूस के साथ फास्टफूड भी बेचा जा रहा है।
आरोप है कि निगम और खाद्य सुरक्षा विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की जानकारी के बावजूद अब तक कार्रवाई नहीं हुई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर अवैध कब्जे को हटाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है।
रिपोर्टर- आकाश गुप्ता ब्यूरो चीफ
ITN National
बिलासपुर, छत्तीसगढ़
