सोनभद्र। अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) श्री ऋषभ रुणवाल ने मंगलवार को रिजर्व पुलिस लाइन चुर्क में आयोजित साप्ताहिक ‘मंगलवार परेड’ की सलामी ली और पुलिस कर्मियों के टर्नआउट, अनुशासन एवं तैनाती व्यवस्था का विस्तृत निरीक्षण किया।
परेड के दौरान पुलिस कर्मियों की वर्दी, टर्नआउट और अनुशासन का जायजा लेते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कर्मियों की शारीरिक दक्षता और ड्यूटी के प्रति तत्परता बनाए रखने हेतु दौड़ एवं टोलीवार ड्रिल कराई गई। विशेष रूप से, श्री रुणवाल ने स्वयं शस्त्र अभ्यास में भाग लेकर पुलिस बल को प्रोत्साहित किया और आवश्यक तकनीकी अभ्यास कराया।
परेड के पश्चात यू0पी0-112 एवं विभिन्न थानों से आए पुलिस वाहनों की विस्तृत चेकिंग की गई। वाहनों की साफ-सफाई, तकनीकी स्थिति एवं आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता का जायजा लिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक ने सभी वाहनों को सदैव कार्यशील एवं उपयोग योग्य स्थिति में रखने के सख्त निर्देश दिए।
इसके बाद क्वार्टर गार्द, परिवहन शाखा, स्टोर, पुलिस रेडियो केन्द्र, साइबर केन्द्र एवं बैरक का निरीक्षण कर साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अनुशासन, सतर्कता, अपराध की रोकथाम एवं आमजन की सुरक्षा के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।