बुलंदशहर,खुर्जा। नगर की महेश वाटिका कॉलोनी का 560 मीटर लंबा मुख्य मार्ग आज तक पक्का न होने से स्थानीय निवासियों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता मुकेश कुमार मासूम ने इस गंभीर जनसमस्या को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के समक्ष उठाते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। नागरिकों ने सामूहिक हस्ताक्षरयुक्त प्रार्थना पत्र सौंपकर शासन से पक्की सड़क और जल निकासी व्यवस्था की गुहार लगाई है। मुकेश कुमार मासूम के अनुसार, स्थानीय निवासी राजेश गोविल,पूरन चंद शर्मा, राजीव शर्मा, ब्रह्म जीत सिंह ,रामवीर,संदीप, मनोज आदि ने बताया कि 560 मीटर लंबे इस कच्चे मार्ग को पक्का कराने के लिए पूर्व में भी प्रशासनिक अधिकारियों से गुहार लगाई गई थी। विभागीय टीमों द्वारा सड़क की नाप-जोख (पैमाइश) भी की जा चुकी है, लेकिन प्रशासनिक सुस्ती के कारण निर्माण कार्य कागजों से आगे नहीं बढ़ सका। सड़क पर बने गहरे गड्ढों और ऊबड़-खाबड़ रास्तों के कारण बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों का पैदल चलना भी जोखिमभरा हो गया है। बारिश के दिनों में कीचड़ और जलभराव के चलते पूरी कॉलोनी का संपर्क कट जाता है। हाल ही में इस बदहाल रास्ते पर अनियंत्रित होकर गिरने से सेना से सेवानिवृत्त लाखन बाबा के पैर की हड्डी टूट गई, जिनका इलाज चल रहा है। मुकेश कुमार मासूम ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र के माध्यम से मांग की है कि संबंधित विभाग व जिला प्रशासन को महेश वाटिका के मुख्य मार्ग का तत्काल स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए जाएं। उन्होंने सड़क के साथ-साथ समुचित नाली व जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया है, ताकि जलभराव से सड़क क्षतिग्रस्त न हो और नागरिकों को इस समस्या से स्थायी राहत मिल सके।