-
एनएसएस स्वयंसेवकों ने कैनवास पर उकेरा विकसित भारत का सपन
खुर्जा। एनआरईसी कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत सोमवार को एनएसएस कार्यालय में एक दिवसीय चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का मुख्य विषय “विकसित भारत@2047 — मेरी कल्पना, मेरा संकल्प” रखा गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़कर हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता के दौरान एनएसएस स्वयंसेवकों ने अपनी रचनात्मकता और उत्कृष्ट चित्रकला के माध्यम से वर्ष 2047 के सशक्त और समृद्ध भारत की परिकल्पना को कैनवास पर जीवंत रूप दिया। प्रतिभागियों ने चित्रों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण, तकनीकी प्रगति तथा आत्मनिर्भर भारत जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार और संकल्प अभिव्यक्त किए।
कार्यक्रम के दौरान राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. पुनीत शुक्ला, गणित विभागाध्यक्ष डॉ. हितेश सिंह, बी.एड. विभाग के डॉ. लोकेश कुमार एवं एनएसएस सहायक नरेंद्र कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और रचनात्मक सोच की सराहना करते हुए उन्हें सामाजिक दायित्वों व राष्ट्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियों में निरंतर सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का सफल आयोजन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुनील कुमार दीक्षित के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में प्रियांशी, चंचल, सोनी, अयान, अभय सहित कई स्वयंसेवकों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।
आयोजकों ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता के विजेताओं की घोषणा और पुरस्कार वितरण आगामी एनएसएस शिविर अथवा महाविद्यालय के वार्षिकोत्सव समारोह के दौरान किया जाएगा।