सोनभद्र ।अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) व क्षेत्राधिकारी दुद्धी के निर्देशन पर चल रहे मादक पदार्थ विरोधी अभियान के तहत म्योरपुर पुलिस ने सोमवार सुबह एक महिला को 1 किलो 478 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर 2026 को सुबह करीब 6:30 बजे एयरपोर्ट रोड स्थित लहरा मोड़ ईदगाह के पास संदिग्ध हालत में मिली एक महिला को रोका गया और उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1 किलो 478 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार महिला की पहचान सुनैना पत्नी सुरेंद्र कुमार निवासी म्योरपुर, जनपद सोनभद्र के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ , धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर अभियुक्ता को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
कार्रवाई में उपनिरीक्षक बलजीत भारद्वाज, कांस्टेबल रामसूरत वर्मा, कांस्टेबल राहुल कुमार तथा महिला कांस्टेबल साक्षी शामिल रहीं।पुलिस के अनुसार, मादक पदार्थों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
सोनभद्र में NDPS कार्रवाई तेज
सोनभद्र में पिछले कुछ दिनों में एनडीपीएस मामलों में कई बड़ी कार्रवाइयां हुई हैं, जिनमें रॉबर्ट्सगंज कोतवाली व एसओजी की संयुक्त टीम ने ओडिशा–दिल्ली रूट पर गांजा तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो तस्करों को 1.10 करोड़ रुपये मूल्य के गांजे के साथ गिरफ्तार किया था। इसके अलावा दुद्धी थाना क्षेत्र में भूसी की आड़ में 4297 लीटर अवैध शराब भी बरामद की गई है। म्योरपुर की यह कार्रवाई इसी व्यापक अभियान का हिस्सा बताई जा रही है।