राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
शहर में बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और बारिश के मौसम में जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के लिए नगर निगम लगातार विकास कार्यों को गति दे रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को बाबू जगजीवन राम वार्ड एवं श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड में लाखों रुपये की लागत से नाली और नाला निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
भूमिपूजन कार्यक्रम में महापौर प्रीति संजीव सूरी ने क्षेत्रीय पार्षदों एवं स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी में निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया। इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद फ़ामिदा आफ़ताब चोखे भाई एवं अर्चना विनीत जायसवाल सहित एमआईसी सदस्य, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
नगर निगम द्वारा बाबू जगजीवन राम वार्ड की जैन कॉलोनी तथा श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड की मंगवाई कॉलोनी में विभिन्न स्थानों पर लगभग 22 लाख रुपये की लागत से नाली एवं नाला निर्माण कार्य कराए जाएंगे। निगम प्रशासन का कहना है कि इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था मजबूत होगी और वर्षा ऋतु में नागरिकों को जलभराव जैसी समस्याओं से काफी राहत मिलेगी।
इस अवसर पर महापौर प्रीति सूरी ने कहा कि शहर में विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नाली एवं नाला निर्माण जैसे कार्य सीधे तौर पर आमजन की सुविधा और स्वच्छता व्यवस्था से जुड़े होते हैं। महापौर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य तय समय सीमा और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि नागरिकों को जल्द से जल्द बेहतर सुविधाओं का लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष शिब्बू साहू, सुरेंद्र गुप्ता, उमेंद्र अहिरवार, पार्षद शकुंतला सोनी, पूर्व पार्षद आफताब चोखे भाई सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। क्षेत्रवासियों ने विकास कार्यों के लिए नगर निगम प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।