राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
बस स्टैण्ड चौकी में एक श्रमिक के साथ कथित मारपीट और दुर्व्यवहार के मामले में पुलिस अधीक्षक कटनी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 मई 2026 को हिरवारा कौड़िया निवासी श्रमिक अविनाश प्रजापति द्वारा शिकायत प्रस्तुत की गई थी। शिकायत के आधार पर की गई प्रारंभिक जांच में प्रथम दृष्टया यह तथ्य सामने आया कि बस स्टैण्ड चौकी में पदस्थ आरक्षक क्रमांक 694 अनमोल कुमार एवं कार्यवाहक सहायक उपनिरीक्षक बाल गोविंद प्रजापति द्वारा बिना किसी प्राथमिक तस्दीक और वैधानिक प्रक्रिया का पालन किए संबंधित श्रमिक को चौकी में निरुद्ध कर उसके साथ मारपीट की गई।
प्रारंभिक जांच में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का आचरण गंभीर रूप से असंवेदनशील पाया गया। साथ ही पद का दुरुपयोग और आमजन के प्रति अनुचित व्यवहार किए जाने के संकेत भी मिले हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक कटनी ने दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र कटनी संबद्ध कर दिया है। वहीं पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए नगर पुलिस अधीक्षक कटनी को प्राथमिक जांच सौंपी गई है।
इसके अलावा पुलिस अधीक्षक ने बस स्टैण्ड चौकी प्रभारी की भूमिका की भी जांच कराने के निर्देश दिए हैं। पुलिस विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।