राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी
शहर में एक बार फिर सेहत, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता का उत्साह दिखाई देगा। नगर पालिक निगम कटनी द्वारा 24 मई रविवार को गर्ग चौराहा से कारगिल चौक मार्ग पर ‘राहगीरी डे’ कैंपेन 2026 के सातवें आयोजन का भव्य आयोजन किया जा रहा है। सुबह 7 बजे से 8:30 बजे तक होने वाले इस कार्यक्रम में शहरवासी मनोरंजन के साथ फिटनेस और स्वच्छता का संदेश भी ग्रहण करेंगे।
नगर निगम द्वारा आयोजित यह अभियान अब केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह शहर में स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जनजागरूकता का बड़ा माध्यम बनता जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान फोर बिन प्रेजेंटेशन, प्लास्टिक प्रतिबंध जागरूकता, नुक्कड़ नाटक और हस्ताक्षर अभियान के जरिए नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा।
वहीं फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए योग, साइकिल रेस, जुंबा, स्केटिंग, रस्सी खेल, चम्मच-नींबू दौड़, म्यूजिकल चेयर, केरम और शतरंज जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। बच्चों और युवाओं के लिए घुड़सवारी, डांस परफॉर्मेंस, रंगोली और मैजिक शो भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि राहगीरी डे सामाजिक सहभागिता को बढ़ाने के साथ नागरिकों में अपने शहर के प्रति जिम्मेदारी और अपनत्व की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। यही वजह है कि यह अभियान अब जन आंदोलन का स्वरूप लेता दिखाई दे रहा है।
नगर निगम प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे 24 मई को आयोजित राहगीरी डे में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर कटनी के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।