दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
दुद्धी विकास खंड के ग्राम पंचायत गुलालझरिया में प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) और मुख्यमंत्री आवास योजना के नाम पर पात्र लाभार्थियों से रिश्वत मांगे जाने का गंभीर आरोप लगा है। इस बाबत दुद्धी विधानसभा के समाजवादी पार्टी छात्र सभा अध्यक्ष तथा युवा समाजसेवी अजय यादव ने उपजिलाधिकारी और खंड विकास अधिकारी को अलग-अलग प्रार्थना पत्र सौंपकर ग्राम प्रधान त्रिभुवन यादव के खिलाफ जाँच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।प्रार्थना पत्र में आरोप है कि ग्राम पंचायत में पात्र और जरूरतमंद व्यक्तियों के नाम आवास सूची में जोड़ने तथा योजनाओं का लाभ दिलाने के एवज में प्रत्यक्ष रूप से 5,000 रुपये वसूलने की मांग की जा रही थी। आरोप के मुताबिक जिस व्यक्ति ने यह अवैध मांग अस्वीकार की, उस पर बार-बार पैसे देने के लिए दबाव बनाया गया। अजय यादव का दावा है कि घटना का वीडियो प्रमाण भी मौजूद है जिसमें पैसे मांगते हुए सुना व देखा जा सकता है ।युवा समाजसेवी ने कहा कि यदि वीडियो की तकनीकी और निष्पक्ष जाँच कराई जाए तो वास्तविक स्थितियाँ उजागर होंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना गरीब, मजदूर और असहाय लोगों के लिए चलाई जा रही योजनाएँ हैं; ऐसे में इनके नाम पर रिश्वत वसूलना सरकार की नीतियों और प्रशासनिक छवि को धूमिल करता है तथा गरीबों का प्रशासन पर से विश्वास उठ जाता है।यादव ने आरोप लगाया कि इस अवैध वसूली के कारण कई पात्र लाभार्थी योजनाओं से वंचित रह गए हैं और गाँव में भय व आक्रोश का माहौल बना हुआ है। उन्होंने उच्च स्तरीय, पारदर्शी जाँच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई करने, पात्र लाभार्थियों को बिना किसी रिश्वत के लाभ सुनिश्चित करने और संबंधित अधिकारियों को निगरानी के निर्देश जारी करने की मांग रखी है।मामला सार्वजनिक होते ही गांव व आस-पास के क्षेत्रों में चर्चा गरम हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर निष्पक्ष जाँच कराई जाती है तो और भी तथ्य सामने आ सकते हैं। अब सभी की निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।