धामपुर।
नगर के मौहल्ला पहाड़ी दरवाजा निवासी वरिष्ठ पत्रकार दिनेश प्रजापति की पुत्री आरजू प्रजापति ने अपनी मेहनत, लगन और कार्यकुशलता के दम पर एक नई उपलब्धि हासिल की है। कोटक महिन्द्रा बैंक की नोएडा शाखा में असिस्टेंट मैनेजर पद पर कार्यरत आरजू प्रजापति को पदोन्नति देकर डिप्टी मैनेजर बनाया गया है। उनकी इस सफलता से परिवार, मित्रों और नगरवासियों में खुशी का माहौल है। आरजू प्रजापति वरिष्ठ पत्रकार दिनेश कुमार प्रजापति की पुत्री हैं, जो विभिन्न न्यूज चैनलों से जुड़े हुए हैं। परिवार में चार भाई-बहनों में आरजू ने अपनी मेहनत और अनुशासन से अलग पहचान बनाई है। बताया जाता है कि बैंकिंग क्षेत्र में उन्होंने अपने कार्य के प्रति ईमानदारी, जिम्मेदारी और बेहतर प्रदर्शन के चलते अधिकारियों का विश्वास जीता, जिसके बाद उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। आरजू की सफलता को लेकर नगर के लोगों ने इसे धामपुर की बेटियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया है। नगर के लोगों का कहना है कि छोटे शहरों की बेटियां भी आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और अपने परिवार के साथ-साथ नगर का नाम भी रोशन कर रही हैं। आरजू प्रजापति की पदोन्नति की खबर सामने आने के बाद उन्हें शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा हुआ है। रिश्तेदारों, मित्रों, पत्रकारों और सामाजिक लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।