राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
आगामी मानसून को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने शहर में जर्जर एवं खतरनाक भवनों के विरुद्ध अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में रविवार को शहर के व्यस्ततम क्षेत्र सिल्वर टॉकीज रोड स्थित खोवा मंडी के एक जर्जर भवन को निगम अमले ने ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा गया और किसी भी संभावित हादसे से बचाव के लिए मार्ग को दोनों ओर से अस्थायी रूप से बंद किया गया।
नगर निगम की टीम ने मशीनों की सहायता से भवन के खतरनाक हिस्सों को व्यवस्थित तरीके से हटाया। निगम अधिकारियों के अनुसार भवन लंबे समय से जर्जर स्थिति में था और मानसून के दौरान इसके गिरने से जनहानि की आशंका बनी हुई थी।
नगर निगम के कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह एवं अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह ने बताया कि शहर के विभिन्न वार्डों में पुराने एवं जर्जर भवनों का सर्वे कराया जा रहा है। सर्वेक्षण में खतरनाक पाए गए भवन मालिकों को नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 एवं नगर पालिका अधिनियम 1961 के तहत नोटिस जारी कर आवश्यक सुधार या ध्वस्तीकरण के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई नहीं करने वाले भवन स्वामियों के विरुद्ध निगम प्रशासन नियमानुसार कार्रवाई कर रहा है। निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने जर्जर भवनों को स्वयं सुरक्षित कराएं अथवा हटाने की कार्रवाई करें, ताकि बारिश के मौसम में किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
स्थानीय नागरिकों ने भी निगम प्रशासन की इस कार्रवाई को जनसुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक बताते हुए सराहना की है।