अकरम खान पटेल की रिपोर्ट
चिचोली।
मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार पूरे प्रदेश में चलाए जा रहे ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ (विक्रमोत्सव 2026) के तहत सोमवार, 25 मई को गंगा दशमी के पावन पर्व पर नगर परिषद चिचोली में विशेष गतिविधियों का आयोजन किया गया। अभियान को धरातल पर उतारते हुए नगर परिषद के मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) सैयद आरिफ हुसैन और परिषद के कर्मचारियों ने श्री पिपलेश्वर महादेव तालाब पहुँचकर जल स्रोतों के संरक्षण का संकल्प लिया।
तालाब परिसर में किया श्रमदान
अभियान के क्रियान्वयन के तहत सीएमओ सैयद आरिफ हुसैन के नेतृत्व में नगर परिषद के अमले ने श्री पिपलेश्वर महादेव तालाब के आसपास उगी हानिकारक गाजर घास की सफाई की। इस दौरान कर्मचारियों ने श्रमदान कर तालाब परिसर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में अपना योगदान दिया।
सीएमओ और कर्मचारियों ने गाए शिव भजन
श्रमदान के पश्चात धार्मिक और सांस्कृतिक गरिमा को बनाए रखते हुए भगवान शिव की प्रतिमा के समक्ष विशेष आयोजन हुआ। सांप्रदायिक सौहार्द और सांस्कृतिक एकता की मिसाल पेश करते हुए सीएमओ सैयद आरिफ हुसैन और नगर परिषद के कर्मचारियों ने भगवान शिव की स्तुति की और भावपूर्ण भजन गाए। भजनों की प्रस्तुति से पूरा परिसर भक्तिमय हो गया।
पानी बचाने और सहेजने की अपील
इस अवसर पर सीएमओ सैयद आरिफ हुसैन ने आम जनता से पानी बचाने और जल स्रोतों को सहेजने की भावुक अपील की। उन्होंने कहा कि:
”जल ही जीवन है। शासन के इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जनता और युवाओं में हमारे पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण और संवर्धन के प्रति जागरूकता पैदा करना है। यदि हम आज पानी नहीं बचाएंगे, तो हमारा भविष्य संकट में पड़ जाएगा।”