फतेहगंज पश्चिमी।
बढ़ती वैश्विक परिस्थितियों और पेट्रोल-डीजल की खपत को देखते हुए नगर पंचायत फतेहगंज पश्चिमी ने ईंधन बचत अभियान की शुरुआत की। नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ ने शासनादेश एवं मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में नगर पंचायत कार्यालय में एक विशेष बैठक आयोजित कर वाहन चालकों, कर्मचारियों और सभासदों को ईंधन बचत के प्रति जागरूक किया।
बैठक में अधिशासी अधिकारी ने कहा कि आवश्यकता के अनुसार ही वाहनों का उपयोग किया जाए तथा बेवजह खड़े वाहनों को स्टार्ट न रखा जाए। उन्होंने सभी वाहन चालकों को निर्देश दिए कि काम पूरा होने पर वाहन तुरंत बंद करें, जिससे पेट्रोल-डीजल की अनावश्यक खपत रोकी जा सके। साथ ही नगर पंचायत कर्मचारियों से कस्बे के सभी वार्डों को स्वच्छ और साफ-सुथरा रखने के निर्देश भी दिए गए।
अधिशासी अधिकारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर और नगर पंचायत चेयरमैन इमराना बेगम ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि छोटी दूरी तय करने के लिए पैदल चलने और साइकिल का अधिक उपयोग करने की आदत डालें। उन्होंने कहा कि इससे न केवल ईंधन की बचत होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के साथ शरीर भी स्वस्थ और तंदुरुस्त रहेगा।
बैठक में विधायक प्रतिनिधि/जिला मंत्री संजय चौहान, सभासद अबोध सिंह, प्रेम कोरी, प्रदीप गुप्ता, शराफत हुसैन, जाकिर हुसैन, धर्मेंद्र सिंह, डॉ. मोईन उद्दीन, प्रेम कुमार कोरी, चेयरमैन प्रतिनिधि हारून चौधरी, वरिष्ठ लिपिक बेला देवी, कंप्यूटर ऑपरेटर सुरेश सिंह, दिनेश सिंह, जयप्रकाश, गंगाराम समेत नगर पंचायत कर्मचारी, व्यापारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
गौरतलब है कि हाल ही में वैश्विक स्तर पर अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के चलते पेट्रोलियम पदार्थों को लेकर चिंताजनक स्थिति बनी हुई है। इसी को देखते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने भी लोगों से जीवनशैली में बदलाव लाकर ईंधन बचत अपनाने की अपील की थी।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली