फतेहगंज पश्चिमी।
कस्बे के माली मोहल्ला वार्ड नंबर दो में रविवार रात को अचानक बिजली का तार टूटकर नीचे गिर गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के दौरान स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। सूचना मिलते ही लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए तुरंत बिजली विभाग को जानकारी दी।
तार टूटने के कारण वार्ड नंबर दो की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। भीषण गर्मी के बीच कई घंटों तक बिजली गुल रहने से लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। घरों में लगे पंखे, कूलर और अन्य बिजली उपकरण बंद हो गए, वहीं पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित रही। छोटे बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सूचना पर बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त लाइन का निरीक्षण कर मरम्मत कार्य शुरू किया। कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद टूटे हुए तार को बदलकर लाइन को दुरुस्त किया, जिसके बाद क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बहाल हो सकी।
मोहल्लेवासियों ने समय रहते लाइन ठीक करने पर बिजली विभाग की टीम का आभार व्यक्त किया। साथ ही लोगों ने विभाग से मांग की कि जर्जर तारों और पुराने बिजली पोलों की नियमित जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
लाइन दुरुस्त कराने में प्रवीन शर्मा टीजीटू, आदिल मालिक, राकेश माहेश्वरी, सोनू कुमार, हरवीर सिंह और परमिंदर यादव समेत कई विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने तत्परता से कार्य किया।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली