राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
गंगा दशमी के पावन अवसर पर विकासखंड बहोरीबंद स्थित प्रसिद्ध धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थल रूपनाथ धाम में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जिला स्तरीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने रूपनाथ धाम के पवित्र कुंड में श्रमदान कर साफ-सफाई की और जल संरक्षण का संदेश देते हुए आमजन से जल संरचनाओं को सहेजने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सुनीता मेहरा, कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि श्री लोधी ने कहा कि मुख्यमंत्री की पहल पर संचालित “जल गंगा संवर्धन अभियान” जनभागीदारी के माध्यम से जल संरक्षण की दिशा में एक प्रभावी अभियान बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि रूपनाथ धाम जैसे पौराणिक और धार्मिक महत्व वाले जल स्रोतों की सफाई और संरक्षण न केवल आस्था से जुड़ा कार्य है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने तेजी से गिरते भूजल स्तर पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जल संरचनाओं का पुनर्जीवन समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है।
राज्य मंत्री ने अपने संबोधन में नागरिकों से इस अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने की अपील करते हुए कहा कि जल बचाना ही भविष्य बचाना है। उन्होंने कहा कि गंगा दशमी केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि जल के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का भी अवसर है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर आशीष तिवारी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में जल स्रोतों की पूजा और संरक्षण की परंपरा सदियों पुरानी रही है। उन्होंने लोगों से जल संरचनाओं के संरक्षण, मरम्मत और साफ-सफाई के लिए श्रमदान करने का आग्रह किया। वहीं जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जिले में संचालित गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम से पूर्व राज्य मंत्री श्री लोधी ने भगवान रूपनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना भी की। गंगा दशमी के अवसर पर आयोजित इस आयोजन ने जल संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन के प्रति लोगों में जागरूकता का संदेश दिया।