राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज
कटनी।
पूरे देश के साथ कटनी जिले में भी ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व अमन, शांति और भाईचारे के माहौल में अकीदत के साथ मनाया गया। जिले की प्रमुख ईदगाह सहित शहर की 21 मस्जिदों एवं झिंझरी जेल में कैदियों द्वारा भी ईद की नमाज अदा की गई। नमाज के दौरान मुस्लिम समुदाय ने मुल्क की तरक्की, अमन-चैन, कौमी एकता और इंसानियत की भलाई के लिए विशेष दुआएं मांगीं।
शहर की ईदगाह में हाफिज एनुअल हक साहब ने ईद-उल-अजहा की नमाज अदा कराई एवं खुतबा पेश किया। उन्होंने अपने संबोधन में आपसी भाईचारा, इंसानियत और समाज में सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी।
ईद पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम, तहसील प्रशासन एवं विद्युत विभाग द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं। जिला कलेक्टर के निर्देश पर जिलेभर में शांति समिति की बैठकें आयोजित की गईं, जिनमें सभी धर्मों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।
पर्व के दौरान सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत एवं यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। जिले के जनप्रतिनिधियों, जिला पंचायत एवं नगर निगम के सदस्यों सहित वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अधिकारियों-कर्मचारियों ने भी व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
मुस्लिम समुदाय की ओर से अंजुमन इस्लामिया ट्रस्ट के अध्यक्ष हाजी कैस अहमद ने ईदगाह में तकरीर करते हुए शिक्षा पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज में भाईचारा और कौमी एकता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने प्रशासन, मीडिया एवं समाजसेवी संस्थाओं के सहयोग की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी तरह सहयोग बनाए रखने की अपील की।
इस अवसर पर जिलेभर में उत्साह, सौहार्द और सामाजिक एकता का सुंदर माहौल देखने को मिला।