राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
नगर निगम कटनी द्वारा शहर में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में श्रीरामजानकी हनुमान वार्ड अंतर्गत रोशन नगर में कमल होटल के पीछे विभिन्न स्थानों पर लगभग 15 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीसी नाली निर्माण योजना का भूमिपूजन समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, क्षेत्रीय पार्षद रागिनी मनोज गुप्ता एवं एमआईसी सदस्यों की विशेष उपस्थिति रही। भूमिपूजन की विधिवत पूजा-अर्चना वार्ड निवासी अर्जुन अहिरवार एवं पुरुषोत्तम गौतम द्वारा संपन्न कराई गई।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती प्रीति सूरी ने कहा कि सड़क, नाली और स्वच्छता जैसी मूलभूत व्यवस्थाएं किसी भी क्षेत्र के विकास की मजबूत आधारशिला होती हैं। नगर निगम का उद्देश्य प्रत्येक वार्ड में अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाकर नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है, लेकिन इस सीसी नाली निर्माण कार्य के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी और गंदगी व जलभराव जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी।
महापौर ने नागरिकों से विकास कार्यों में सहयोग करने और अपने क्षेत्र को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने की अपील भी की।
क्षेत्रीय पार्षद रागिनी मनोज गुप्ता ने बताया कि क्षेत्रवासियों द्वारा लंबे समय से बेहतर नाली व्यवस्था की मांग की जा रही थी, जिसे प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति दिलाई गई। उन्होंने कहा कि वार्ड के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं और आगे भी क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्य कराए जाएंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने नगर निगम द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और आमजन को सीधा लाभ मिलेगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष शिब्बू साहू, बीना बैनर्जी, पार्षद शकुंतला सोनी, सीमा श्रीवास्तव, पूर्व पार्षद एडवोकेट मनोज गुप्ता, विजु पंचम दहिया, प्रीतम सिंह, रजनीश, संतोष श्रीवास्तव, अधिवक्ता राजेश चावरे सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में नागरिकों ने जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।