(सिंगरौली) मध्य प्रदेश
सिंगरौली जिले के वैढ़न थाना क्षेत्र अंतर्गत एक 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी के रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो जाने से परिवार में हड़कंप मच गया है। परिजनों ने मामले को गंभीर बताते हुए पुलिस अधीक्षक सिंगरौली से शीघ्र कार्रवाई एवं किशोरी की सुरक्षित बरामदगी की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वैढ़न थाना क्षेत्र निवासी पीड़ित पिता ने कोतवाली वैढ़न में लिखित आवेदन देकर बताया कि 15 मई 2026 की सुबह वह ड्यूटी पर गए हुए थे, जबकि उनकी पत्नी इलाज के सिलसिले में बाहर गई थीं। दोपहर के समय जब उनकी पत्नी घर लौटीं तो उनकी नाबालिग पुत्री घर में मौजूद नहीं थी।
परिजनों द्वारा आसपास के क्षेत्रों, रिश्तेदारों एवं परिचितों के यहां काफी तलाश की गई, लेकिन किशोरी का कोई पता नहीं चल सका। घटना के बाद से परिवार गहरे तनाव एवं भय के माहौल में है।
परिवार ने आवेदन में एक युवक पर संदेह व्यक्त करते हुए आरोप लगाया है कि वह पूर्व में भी उनकी पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जा चुका है। उस मामले में पुलिस कार्रवाई के बाद आरोपी को जेल भेजा गया था तथा मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन बताया गया है।
परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद से संदिग्ध युवक भी अपने घर से गायब है। परिवार द्वारा संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन मोबाइल बंद बताया जा रहा है। इसी आधार पर परिजनों ने आशंका जताई है कि युवक नाबालिग किशोरी को अपने साथ ले गया हो सकता है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए किशोरी की शीघ्र तलाश कर सुरक्षित बरामद किया जाए तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
संवाददाता आशीष सोनी