ब्रेकिंग न्यूज़
रायसेन विकासखंड की ग्राम पंचायत सरार के ग्राम बरजोरपुर में तालाब निर्माण के नाम पर कथित रूप से किए जा रहे अवैध मुरम उत्खनन के मामले में दीवानगंज चौकी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ओवरलोड डंपर को पकड़कर चौकी में खड़ा कराया। बताया जा रहा है कि डंपर में अवैध रूप से खुदाई कर निकाली गई मुरम का परिवहन किया जा रहा था। जानकारी के अनुसार ग्राम सरार के सरपंच नरेश चौधरी पर तालाब निर्माण की आड़ में सड़क किनारे अवैध खुदाई कर मुरम बेचने के आरोप लगाए जा रहे हैं। पुलिस द्वारा कार्रवाई के बाद खनिज विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद विभागीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर डंपर की जब्ती की कार्रवाई की। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई दिनों से क्षेत्र में अवैध उत्खनन चल रहा था और लगभग 30 फीट गहरी खाई खोद दी गई है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में यह खाई किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। अब सवाल यह भी उठ रहा है कि अवैध उत्खनन में उपयोग की गई पोकलेन मशीन पर खनिज विभाग क्या कार्रवाई करता है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
अरमान खान जिला ब्यूरो I T N NATIONAL रायसेन