राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
जिले में आम नागरिकों को शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ समय पर मिले, इसके लिए कलेक्टर आशीष तिवारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण पर जोर दिया।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार एवं अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर तिवारी ने संबल योजना के लंबित आवेदनों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद पंचायतों के सीईओ और बीएमओ को समन्वय बनाकर जन्म, मृत्यु एवं विवाह पंजीयन से संबंधित प्रमाण-पत्र समय पर जारी करने को कहा, ताकि पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ बिना देरी के मिल सके।
राजस्व मामलों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सीमांकन के दौरान यदि किसी भूमि पर अवैध कब्जा पाया जाता है तो आवेदन की प्रतीक्षा किए बिना तत्काल अलग से प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व प्रकरणों में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में बाणसागर परियोजना के शेष विस्थापितों को लंबित भू-अर्जन राशि का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द उनका अधिकार मिले।
उपार्जित गेहूं के परिवहन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बदलते मौसम को देखते हुए समितियों को विशेष सतर्कता बरतने की हिदायत दी, ताकि संग्रहित अनाज सुरक्षित रहे और किसानों को किसी प्रकार का नुकसान न हो। साथ ही किसानों के भुगतान में भी अनावश्यक विलंब न करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
समय-सीमा बैठक में कलेक्टर आशीष तिवारी का फोकस स्पष्ट रूप से प्रशासनिक कार्यों में गति लाने, नागरिक सेवाओं को समयबद्ध बनाने और हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ शीघ्र पहुंचाने पर रहा।