राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के विरुद्ध की गई कथित अमर्यादित एवं आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी शहर कटनी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराते हुए टिप्पणी की कड़ी निंदा की और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान पूर्व मंत्री एवं पूर्व सांसद राजमणि पटेल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों, राजनीतिक शुचिता और मर्यादित संवाद की पक्षधर रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि या राजनीतिक नेता के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है। श्री पटेल ने आरोप लगाया कि प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाए जाने से विपक्षी दलों में असहजता है।
जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने नेताओं के सम्मान और कार्यकर्ताओं के स्वाभिमान से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ की गई टिप्पणी केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि पूरे कांग्रेस परिवार का अपमान है। कांग्रेसजन लोकतांत्रिक एवं गांधीवादी तरीकों से इस मानसिकता का विरोध जारी रखेंगे।
एडवोकेट शुक्ला ने आगे कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन व्यक्तिगत और अमर्यादित टिप्पणियां स्वस्थ राजनीतिक संस्कृति को नुकसान पहुंचाती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जनहित के मुद्दों पर कांग्रेस की सक्रियता से घबराकर सत्तापक्ष के नेता इस प्रकार की भाषा का प्रयोग कर रहे हैं।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान रजनी वर्मा, राजेश जाटव, जितेन्द्र गुप्ता, अजय जैसवानी, मंगल सिंह, कमलेश यादव, आनंद पटेल, राकेश गुड्डू द्विवेदी, राम मुलवानी, आदिता वर्मा, मारूफ अहमद हनीफ, अहमद कुरैशी, नारायण निषाद, संदीप यादव, इमरान खान, मुन्ना कुशवाहा सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि इस प्रकार की राजनीतिक टिप्पणियों पर अंकुश नहीं लगाया गया तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध और तेज करेगी।