फतेहगंज पश्चिमी।
थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती ने निकाह के बाद ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का आरोप है कि उसे निकाह के बाद घर में बंधक बनाकर रखा गया और पति की सहमति से देवरों व बहनोई द्वारा जबरन शारीरिक शोषण किया गया। मामले में एसएसपी के निर्देश पर पुलिस जांच में जुट गई है।
पीड़िता द्वारा दिए गए शिकायती पत्र के अनुसार करीब एक माह पूर्व गांव के एक युवक ने उसके घर में घुसकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। घटना के बाद यूपी-112 पुलिस मौके पर पहुंची थी। आरोप है कि मामला पंचायत में पहुंचने पर युवती की इच्छा के विरुद्ध उसका निकाह करा दिया गया।
युवती का कहना है कि निकाह के बाद ससुराल ले जाकर उसे घर में बंधक बना लिया गया। आरोप है कि पति की सहमति से उसके दो देवर और बहनोई लगातार उसके साथ जबरन अवैध संबंध बनाते रहे। पीड़िता ने बताया कि ईद से पहले जब उसकी बहनें उससे मिलने पहुंचीं तो उसने आपबीती उन्हें बताई। बहनों ने घर लौटकर परिजनों को पूरी जानकारी दी, जिसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया।
परिजनों ने तत्काल यूपी-112 पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि 30 मई को पुलिस ने युवती को ससुराल से मुक्त कराकर उसके परिजनों को सौंप दिया। पीड़िता का कहना है कि स्थानीय स्तर पर कार्रवाई न होने के कारण उसने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर न्याय की मांग की है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है। वहीं थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि मामला निकाह और पारिवारिक संबंधों से जुड़ा होने के कारण सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी आरोपों की सत्यता की पड़ताल कर रही है।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़
जिला संवाददाता बरेली