बालाघाट।
शहर के इतवारी सब्जी मंडी क्षेत्र में शनिवार देर शाम एक मानसिक रूप से विक्षिप्त बुजुर्ग का शव कचरे के ढेर में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान श्याम कुमार मेश्राम (58) पिता गौतम मेश्राम निवासी ग्राम खुटिया, वर्तमान निवास वार्ड क्रमांक 29 जयप्रकाश कॉलोनी, बालाघाट के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, श्याम कुमार मेश्राम पहले इतवारी सब्जी मंडी में हम्माली का कार्य करता था। करीब 10 वर्ष पूर्व मानसिक संतुलन बिगड़ने के बाद वह घर छोड़कर निकल गया था और तब से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भटकते हुए जीवन यापन कर रहा था। शनिवार शाम लोगों ने उसका शव इतवारी सब्जी मंडी स्थित कचरे के ढेर में पड़ा देखा, जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मर्चुरी भिजवाया। रविवार सुबह पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि अत्यधिक गर्मी या स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण उसकी मौत हुई होगी। हालांकि मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतक अपने पीछे तीन संतानें और पत्नी छोड़ गया है। उसकी मौत की खबर से परिजनों में शोक का माहौल है।
लोकेशन : बालाघाट
रिपोर्ट : अनिल कातरे