दुद्धी (सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत व कस्बा रामनगर रेलवे क्रॉसिंग के पास कल्कलीबहरा मोड़ पर बुधवार को दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस सड़क हादसे में दो लोगों को गंभीर और एक को हल्की चोटें आई हैं। हैरान करने वाली बात यह रही कि इस दुर्घटना की सूचना पाकर अस्पताल आ रहे दो अन्य लोग रास्ते में जंगली लोमड़ी के हमले का शिकार होकर घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, महुअरिया गांव निवासी बादल (18) पुत्र अंजनी कुमार अपने पड़ोसी अंकित (22) पुत्र महेंद्र साव के साथ बाइक पर सवार होकर दुद्धी से अपने घर लौट रहा था। बाइक अंकित चला रहा था, जबकि बादल पीछे बैठा था।
जब वे रामनगर रेलवे क्रॉसिंग के समीप कल्कलीबहरा मोड़ के पास पहुंचे, तो सामने से आ रहे दूसरे बाइक सवार इकबाल (40) पुत्र कमालुद्दीन निवासी कस्बा वार्ड नंबर 9, जो डुमरडीहा गांव से दुद्धी की तरफ आ रहा था,से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इस टक्कर के दौरान एक तीसरा अज्ञात बाइक सवार भी उनमें जा कराया गया, जिसे मामूली चोटें आईं और वह मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को टेम्पो के जरिए तुरंत सीएचसी दुद्धी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर मनोहर सिंह की देखरेख में उनका इलाज शुरू हुआ।
इस बीच दुर्घटना और बड़े भाई अंकित के घायल होने की खबर जब महुअरिया गांव घर पहुंची, तो उसका छोटा भाई अंशुल (16) और पड़ोसी कैलाश प्रजापति पुत्र हीरामन उसे देखने के लिए अस्पताल की तरफ बाइक से आ रहे थे,लेकिन घर से महज चार किलोमीटर पहले रास्ते में वे दोनों एक जंगली लोमड़ी (सियार)की चपेट में उनकी बाइक आ गई , जिससे वह दोनों घायल हो गए। किसी तरह हिम्मत जुटाकर दोनों घायल भी सीएचसी दुद्धी पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उनका भी इलाज शुरू किया।
चिकित्सकों के अनुसार, सड़क हादसे में घायल बाइक चालक अंकित के पैर में गंभीर चोटें आई हैं, जिसकी हालत को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद आगे के चिकित्सीय निर्णय लिए जा रहे हैं। अन्य घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
