मथुरा (मांट)।
यमुना एक्सप्रेसवे पर सोमवार देर रात माइल स्टोन-62 (थाना नौहझील क्षेत्र) के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। आगरा से नोएडा की ओर जा रहे एक कैंटर (DL1MA8449) के अचानक ब्रेक फेल हो गए, जिसके चलते वह अनियंत्रित होकर आगे चल रहे अज्ञात ट्राले से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कैंटर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक अनिल कुमार (निवासी दिल्ली) गंभीर रूप से घायल हो गए।
रात करीब 12 बजे मांट टोल कंट्रोल रूम की सूचना पर नौहझील थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी हरेंद्र तोमर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल चालक को तुरंत अस्पताल भिजवाया। हादसे के बाद अज्ञात ट्राला चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश के लिए पुलिस एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। दुर्घटना के कारण एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई थी, जिसे पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर सुचारू कराया।
मुकेश अग्रवाल की रिपोर्ट जिला मथुरा