मथुरा।
थाना जमूनापार क्षेत्र में रविवार रात एक बिना नंबर की काली थार के चालक ने दुस्साहस दिखाते हुए पेट्रोल पंप को चूना लगा दिया। मामला लक्ष्मी नगर स्थित धनगर फिलिंग स्टेशन का है, जहां रात करीब 9:45 बजे थार सवार कुछ युवक पहुंचे।
युवकों ने सेल्समैन से गाड़ी की टंकी फुल करने को कहा। जैसे ही कर्मचारी ने डीजल भरकर टंकी का ढक्कन बंद किया और पैसे मांगने आगे बढ़ा, शातिर चालक ने पैर एक्सीलेटर पर दबा दिया और गाड़ी को तेजी से भगा ले गया। कर्मचारी ने शोर मचाते हुए पीछा भी किया, लेकिन चंद सेकंड में ही थार ओझल हो गई।
यह पूरी वारदात पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। पेट्रोल पंप संचालक की सूचना पर पहुंची जमूनापार पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि फुटेज के आधार पर बिना नंबर की थार और उसमें सवार युवकों की तलाश की जा रही है, जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
मुकेश अग्रवाल की रिपोर्ट जिला मथुरा