राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों की धरपकड़ के अभियान के तहत स्लीमनाबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डहेरिया एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस स्लीमनाबाद श्रीमती आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सुदेश कुमार एवं उनकी टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार 2 मई 2026 को फरियादी ने थाना स्लीमनाबाद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने खेत का निरीक्षण करने गया था। वहां उसने देखा कि खेत में लगे सागौन के पेड़ काट दिए गए हैं। जब वह इसका वीडियो बना रहा था, तभी राजभान यादव मौके पर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट करने लगा।
शोर सुनकर आरोपी के पुत्र पप्पू यादव, लालू यादव, अंतु उर्फ अमित यादव और सचिन यादव ट्रैक्टर लेकर वहां पहुंचे और विवाद में शामिल हो गए। आरोप है कि पप्पू यादव ने लोहे की रॉड से हमला कर फरियादी को घायल कर दिया। इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे फरियादी के माता-पिता पर भी हमला किया गया। आरोपियों ने फरियादी की मां सीता कनौजिया पर सब्बल और कुल्हाड़ी से वार कर गंभीर चोटें पहुंचाईं। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
मामले में थाना स्लीमनाबाद में अपराध क्रमांक 257/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत विवेचना प्रारंभ की गई।
लगातार तलाश के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर ग्राम खिरहनी के आसपास खेतों में दबिश देकर मुख्य आरोपी राजभान यादव को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
वहीं मामले के अन्य चार आरोपी संदीप यादव उर्फ पप्पू, सचिन यादव, लालू यादव तथा अंतु उर्फ अमित यादव ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। पुलिस ने उनका रिमांड प्राप्त कर पूछताछ शुरू कर दी है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सुदेश कुमार, उपनिरीक्षक सौरभ सोनी, प्रधान आरक्षक प्रेम शंकर पटेल, प्रधान आरक्षक शेख यूसुफ, प्रधान आरक्षक लखन पटेल, आरक्षक विवेक झारिया तथा साइबर सेल के आरक्षक अजय साकेत की सराहनीय भूमिका रही।