सोनभद्र।
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 5 जून से 21 जून 2026 तक जनपद में “जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान” आयोजित किया जाएगा। इस अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने आज कलेक्ट्रेट स्थित जनसुनवाई कक्ष में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान का शुभारंभ 5 जून, विश्व पर्यावरण दिवस पर होगा। शुभारंभ के अवसर पर अमृत सरोवरों, तालाबों, नहरों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर वृक्षारोपण के व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्धारित कार्यक्रमों का प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में आगे बताया गया कि 8 जून से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क और जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। 11 जून से 14 जून तक मीडिया संवाद और संबोधन कार्यक्रम आयोजित होंगे। 14 से 16 जून के बीच जनपद के सभी विकास खंडों में जन-कल्याण शिविर और स्वास्थ्य मेले लगाए जाएंगे, जहाँ पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ जनसमस्याओं का निस्तारण भी किया जाएगा।जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि 16 और 17 जून को “विकसित भारत संकल्प सम्मेलन” आयोजित होगा, जिसमें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास उपलब्धियों और सुशासन के विभिन्न आयामों को आमजन तक पहुंचाया जाएगा। इसके बाद 17 से 20 जून तक विकास प्रदर्शनी का आयोजन होगा, जिसमें प्राकृतिक खेती पर आधारित कार्यशालाएँ भी रखी जाएँगी। अभियान का समापन 21 जून, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित वृहद योग कार्यक्रम के साथ किया जाएगा।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, डीसी मनरेगा रविंद्र सिंह, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा तथा अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।